सक्रिय स्पोकों की सूची तैयार करने का निर्णय
बहादुरगढ़, हरियाणा | समण सन्देश प्रतिनिधि |
रविवार, 12 जुलाई 2026 को समण संघ बहादुरगढ़ के तत्वावधान में श्री कृष्ण कुमार फौजी के निवास, बराही फाटक के निकट, बहादुरगढ़ में समण संघ की संगीति सन्निपात बहुल का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समण साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संघ की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक में बहादुरगढ़ क्षेत्र के सक्रिय (एक्टिव) एवं निष्क्रिय (इनएक्टिव) स्पोकों की सूची तैयार करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। उपस्थित साथियों ने कहा कि संघ की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक स्पोक की भूमिका को सुदृढ़ करने के लिए यह सूची उपयोगी सिद्ध होगी। सन्निपात बहुल के दौरान 11 एवं 12 सितंबर 2026 को हिसार में आयोजित होने वाली दो दिवसीय समण संगति की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित समण साथियों ने आश्वासन दिया कि बहादुरगढ़ से अधिक से अधिक सक्रिय स्पोकों की सूची शीघ्र तैयार कर हिसार भेजी जाएगी, ताकि कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
वक्ताओं ने कहा कि समण समाज की शक्ति उसके संघ में निहित है। नियमित सन्निपात बहुल, संगतियों और संवाद के माध्यम से ही समाज में जागरूकता, समण पहचान और संघीय भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी समण परिवारों से संघ की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, समण पहचान और संघ को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। अंत में सभी उपस्थित सम्मानित साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
“संघ में शक्ति है, जुड़ेंगे तो जीतेंगे।”
